लखनऊ में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम इम्प्लाईज यूनियन के 17वें द्विवार्षिक अधिवेशन एवं चुनाव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यूनियन के स्थापना के 34 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेतु निगम मुख्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से कर्मचारी नेता, अधिकारी और यूनियन सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन यूनियन के केंद्रीय महामंत्री शिशिर गुप्ता द्वारा किया गया। अधिवेशन में प्रदेश स्तर के कई प्रमुख कर्मचारी नेताओं ने भाग लिया और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।
इस मौके पर राष्ट्रीय स्तर के कर्मचारी संगठनों से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में वी.पी. मिश्रा, सतीश पांडेय, अख्तर अली सिद्दीकी, सुरेश रावत, शिवकुमार यादव, मनोज कुमार मिश्रा, शशि कुमार मिश्रा, दिवाकर सिंह, विनोद बुद्धिराम कन्नौजिया और एस.ए.एच. जैदी समेत कई कर्मचारी नेताओं को यूनियन की ओर से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा सेतु निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारी एकता और संगठन की मजबूती को लेकर विशेष चर्चा हुई।
यूनियन अध्यक्ष इशरत जाह ने अपने संबोधन में सेतु निगम के प्रबंध निदेशक, संयुक्त प्रबंध निदेशक, वित्त नियंत्रक और अन्य अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारियों और पदाधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
उन्होंने यूनियन के 34 वर्षों के संघर्ष और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन हमेशा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
इस अवसर पर यूनियन अध्यक्ष इशरत जाह और महामंत्री शिशिर गुप्ता ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर सेतु निगम के प्रबंध निदेशक को ज्ञापन भी सौंपा।
द्विवार्षिक चुनाव 2026-28 के लिए नियुक्त चुनाव अधिकारी शिशिर कुमार मौर्या और सहायक चुनाव अधिकारी आशीष कुमार ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। चुनाव में 20 कार्यकारिणी सदस्य सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सफल तरीके से संपन्न कराने के लिए चुनाव अधिकारियों को यूनियन की ओर से विशेष धन्यवाद दिया गया।
कार्यक्रम में मौजूद सेतु निगम के प्रबंध निदेशक धर्मवीर सिंह ने यूनियन को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन हमेशा सकारात्मक भूमिका निभाएगा।
यूनियन की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक 15 मई को आयोजित की जाएगी, जिसमें संवैधानिक पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। कर्मचारी संगठनों के बीच इस अधिवेशन को संगठनात्मक मजबूती और कर्मचारी एकजुटता का बड़ा मंच माना जा रहा है।
