भदोही में आंधी-तूफान पीड़ितों से मिले मंत्री ए.के. शर्मा, 13 परिवारों को बांटी राहत सहायता

लखनऊ/भदोही।
उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा भदोही के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने जनपद भदोही का दौरा कर हाल ही में आए भीषण आंधी, तूफान और ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

प्रभारी मंत्री सबसे पहले निरीक्षण भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके बाद मंत्री ए.के. शर्मा प्रभावित गांवों में पहुंचे और आपदा से प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया। उन्होंने 13 प्रभावित परिवारों को राहत सहायता के चेक वितरित किए और कहा कि प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। मंत्री ने पीड़ित लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

दौरे के दौरान मंत्री सरौली गांव भी पहुंचे, जहां शादी समारोह के दौरान आंधी-तूफान की वजह से एक बड़ा हादसा हो गया था। जानकारी के मुताबिक, मंदिर में मोरी चढ़ाने गए लोगों के ऊपर तेज तूफान के कारण एक पुराना नीम का पेड़ गिर गया, जिससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग प्रभावित हुए। मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और प्रशासन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि संकट की घड़ी में जनता के बीच पहुंचकर उनके दर्द को समझने और समाधान देने का कार्य करती है। मंत्री ने दोहराया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

इस अवसर पर सांसद विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *