पूर्व IRS अंजनी कुमार पांडेय का बेल्हा माई फाउंडेशन बना प्रतापगढ़ की प्रतिभाओं का सहारा

प्रतापगढ़ की युवा प्रतिभाओं को नई पहचान और मंच देने की दिशा में बेल्हा माई फाउंडेशन लगातार काम कर रहा है। पूर्व आईआरएस अधिकारी और फाउंडेशन के संस्थापक अंजनी कुमार पांडेय की पहल पर आयोजित ‘मेरे सपनों का प्रतापगढ़’ निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी सोच, रचनात्मकता और समाज के प्रति जिम्मेदारी व्यक्त करने का अवसर देना था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लेकर प्रतापगढ़ के विकास, शिक्षा, रोजगार, स्वच्छता, संस्कृति और आधुनिक भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए।

प्रतियोगिता में बेहदौल खुर्द, गौरा आरएस की रहने वाली शिवांगी शुक्ला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पीडी चौराहा, ढकवा बाजार निवासी प्रीति खरवार को द्वितीय और पूरे खंदरे, पोस्ट छतरपुर की हर्षिता सिंह को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा जिले के दस अन्य प्रतिभाशाली युवाओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

फाउंडेशन की ओर से सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर अंजनी कुमार पांडेय ने कहा कि प्रतापगढ़ की मिट्टी प्रतिभाओं से भरी हुई है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही दिशा और मंच देने की है।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन लगातार युवाओं, खासकर बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में काम कर रहा है। उनका मानना है कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं।

अंजनी कुमार पांडेय ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे, तब सही मार्गदर्शन और मेंटोरशिप की काफी कमी महसूस होती थी। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए अब वह युवाओं को सही दिशा देने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘मेरे सपनों का प्रतापगढ़’ जैसी प्रतियोगिताएं सिर्फ पुरस्कार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं की सोच और उनके सपनों को समझने का माध्यम भी हैं। बच्चों ने जिस तरह से अपने जिले के भविष्य की कल्पना की है, वह बेहद प्रेरणादायक है।

फाउंडेशन का कहना है कि आने वाले समय में शिक्षा, साहित्य, कला और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

प्रतापगढ़ की रानीगंज तहसील के ब्लॉक बेलखरनाथ धाम के ग्राम प्रेमधर पट्टी निवासी अंजनी कुमार पांडेय की इस पहल को जिले में काफी सराहना मिल रही है। स्थानीय लोग इसे युवाओं के भविष्य और जिले के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *