हिंदू महिला सेवा समिति और वैश्य समाज सेवा के संयुक्त प्रयास से लखनऊ में हुआ भव्य सामूहिक विवाह समारोह

लखनऊ में हिंदू महिला सेवा समिति एवं वैश्य समाज सेवा, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। लाटूश रोड स्थित होटल शिमला पैलेस में आयोजित इस समारोह में दो जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।

इस आयोजन में सामाजिक समरसता, सेवा भावना और जरूरतमंद परिवारों की मदद का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन वैश्य समाज सेवा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र गुप्ता और हिंदू महिला सेवा समिति की पदाधिकारियों के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश से आए ग्रीन बेरी वर्ल्ड स्कूल के चेयरमैन एवं समाजसेवी राजेश गुप्ता को विशेष अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। उन्हें माला पहनाकर और राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मान दिया गया।

इस अवसर पर अशोक गुप्ता, एडवोकेट गुलाबचंद गुप्ता समेत कई गणमान्य लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे हुई और सभी वैवाहिक रस्में शाम तक विधिवत संपन्न कराई गईं।

समारोह के दौरान दोनों संस्थाओं की ओर से वर-वधू पक्ष के मेहमानों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए कपड़े, बर्तन, अलमारी, कूलर, बेड, सोने की कील, चांदी की बिछिया और अन्य जरूरी घरेलू सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया गया।

राजेंद्र गुप्ता ‘शिमला परिवार’ ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल वास्तविक जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना है। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों की पूरी जानकारी और सत्यापन के बाद ही सहायता दी जाती है, ताकि सही लोगों तक सहयोग पहुंच सके।

वहीं हिंदू महिला सेवा समिति की अध्यक्ष आयुषी गुप्ता ने कहा कि संस्था शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रही है। यदि किसी छात्र या छात्रा को पढ़ाई में कठिनाई आती है, तो समिति हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।

कार्यक्रम का संयोजन अनीता गुप्ता, वरिष्ठ महामंत्री निर्मला मिश्रा और महामंत्री इन्द्रा उपाध्याय के मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में वंदना त्रिपाठी, पुष्पा गुप्ता, पार्वती गुप्ता, रुचिका अग्रवाल, रीता नाथ, कमलेश गुप्ता, सरिता गुप्ता, स्वाती गुप्ता और अन्य कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस मौके पर निषाद पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय कश्यप को भी अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

पूरे समारोह में सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया और कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *