लखनऊ में ज्ञानशिला विश्वविद्यालय का नींव पूजन सम्पन्न, खेल और शिक्षा का बनेगा विश्वस्तरीय केंद्र

लखनऊ में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में एक नई शुरुआत करते हुए ज्ञानशिला विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का विधि विधान से शुभारंभ किया गया। नीरू मेमोरियल सोसायटी द्वारा संचालित होने वाले इस विश्वविद्यालय की नींव सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की संस्थापक डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने अपने पुत्र और सेंट जोसेफ विद्यालय समूह के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल के साथ रखी।

राजधानी के इटौंजा तहसील क्षेत्र स्थित बख्शी का तालाब में बनने जा रहा यह विश्वविद्यालय खेल, संगीत, कला और साहित्य की आधुनिक एवं उच्चस्तरीय शिक्षा का प्रमुख केंद्र होगा। नींव पूजन कार्यक्रम में पूरे विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई और विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस अवसर पर अनिल अग्रवाल ने अपनी पत्नी नम्रता अग्रवाल और बच्चों सलोनी, सृजन एवं नक्षत्र के साथ पूजन में भाग लिया। उन्होंने कहा कि उनकी बहन नीरू की स्मृति में स्थापित नीरू मेमोरियल सोसायटी के अंतर्गत संचालित होने वाला ज्ञानशिला विश्वविद्यालय युवाओं के सपनों को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा ताकि जल्द ही छात्र-छात्राओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

अनिल अग्रवाल ने बताया कि ज्ञानशिला विश्वविद्यालय विशेष रूप से खेलों के लिए समर्पित होगा। यहां स्पोर्ट्स कोर्सेज के साथ स्पोर्ट्स वोकेशनल कोर्सेज, स्किल डेवलपमेंट और खिलाड़ियों के विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2036 में संभावित ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना है जो ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए पदक जीतकर भारत का नाम विश्वभर में रोशन करें। उनके अनुसार, विश्वविद्यालय से पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं भविष्य में कम से कम दस गोल्ड मेडल देश के लिए जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेंगे।

खेल शिक्षा के साथ-साथ विश्वविद्यालय में संगीत, कला और साहित्य से जुड़े विशेष पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा परिसर में विश्वस्तरीय आवासीय विद्यालय भी बनाया जाएगा, जहां छह वर्ष की आयु से ही बच्चों को खेल और अन्य प्रतिभाओं के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

नींव पूजन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान वीरपाल यादव, इटौंजा थाना प्रभारी सोबरन सिंह, मनीष सिंह, मुदित अग्रवाल, पूर्व प्रधान कुलदीप, जगदीश, चंद्रशेखर, मुकेश, अरविंद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ज्ञानशिला विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी जेड बिल्डर्स के प्रोपराइटर अरीब सिद्दीकी को सौंपी गई है, जो स्वयं सेंट जोसेफ विद्यालय के पूर्व छात्र रह चुके हैं। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने विश्वविद्यालय परियोजना को प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *