लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय समूह में ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल के अवसर पर भव्य सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध रामकथा मर्मज्ञ पंडित अजय याग्निक ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ और हनुमत भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों और सुंदरकांड के पाठ ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे और पूरा परिसर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से गूंजता रहा।
राजाजीपुरम और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। सुंदरकांड पाठ के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
इस अवसर पर सेंट जोसेफ विद्यालय समूह के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल ने कहा कि आज के भौतिकवादी दौर में जीवन में आध्यात्मिकता का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी आध्यात्मिकता व्यक्ति के जीवन को संतुलित बनाए रखने में मदद करती है।
वहीं विद्यालय समूह की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं को बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ज्येष्ठ माह में सुंदरकांड का पाठ और हनुमान जी की आराधना करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है।
कार्यक्रम के दौरान एक अहम घोषणा भी की गई। डॉ. पुष्पलता अग्रवाल ने अपने सुपौत्र सृजन अग्रवाल को सेंट जोसेफ विद्यालय समूह के संयुक्त निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने विश्वास जताया कि सृजन अग्रवाल अपने परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय समूह को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय समूह की निदेशक नम्रता अग्रवाल, स्क्वाड्रन लीडर (रिटायर्ड) राखी अग्रवाल, सलोनी अग्रवाल, नक्षत्र अग्रवाल, स्थानीय सभासद और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का अनोखा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे राजाजीपुरम के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक बताया।
