लखनऊ में आयोजित ‘नवनिर्माण मंच – गंगा एक्सप्रेसवे: उत्तर प्रदेश प्रगति का महामार्ग’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे सिर्फ एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश, रोजगार और महासमृद्धि की दिशा में आगे ले जाने वाला परिवर्तनकारी महामार्ग है।
होटल द सेन्ट्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। आधुनिक एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्य “विकसित उत्तर प्रदेश” के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में “महामार्ग से महासमृद्धि” विषय पर अपने विचार रखते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार “विरासत भी, विकास भी” की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर काम किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर आधुनिक विकास परियोजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज वैश्विक ऊर्जा संकट के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और राष्ट्रहित में की गई अपील पर सभी नागरिकों को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच में राष्ट्रहित सर्वोपरि है और भारत हमेशा “वसुधैव कुटुम्बकम्” तथा “विश्व बंधुत्व” की भावना का समर्थक रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के योगदान के बिना देश और समाज की प्रगति की कल्पना अधूरी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर वहां जाकर सांस्कृतिक चेतना और भारतीय विरासत पर दिए गए संदेश का भी उल्लेख किया। मौर्य ने कहा कि यह देश की आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोकतंत्र, न्याय और सम्मानजनक संवाद की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सकारात्मक राजनीति और सम्मानजनक संवाद आवश्यक है।
उन्होंने विश्वास जताया कि गंगा एक्सप्रेसवे आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा और प्रदेश को देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभाने में मदद करेगा।
