बंदरों के आतंक पर व्यापारियों का फूटा आक्रोश,अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

बंदरों के आतंक पर व्यापारियों का फूटा आक्रोश,अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन 

संवाददाता।

लखनऊ। बख्शी का तालाब नगर पंचायत क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर मंगलवार को व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया।संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल, बीकेटी इकाई के अध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी, बाजार प्रतिनिधि और स्थानीय लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अधिकारी शैलेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।व्यापार मंडल ने ज्ञापन में कहा कि बड़ी बाजार,रुदही,हवाई अड्डा रोड,अस्ती रोड,सहित नगर पंचायत के कई इलाकों में बंदरों का आतंक चरम पर पहुंच चुका है।आए दिन बंदर राहगीरों,महिलाओं, बच्चों,बुजुर्गों और दुकानदारों पर हमला कर रहे हैं।कई लोग घायल हो चुके हैं,जबकि दुकानों और घरों में घुसकर नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं।हालात ऐसे हैं कि लोग भय के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं और व्यापारिक गतिविधियां भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष वेदरतन सिंह ने कहा कि बंदरों के बढ़ते हमलों के कारण ग्राहकों का बाजार आना कम हो गया है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों,बुजुर्गों और महिलाओं में भी लगातार दहशत बनी हुई है।कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया,जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।व्यापार मंडल ने अधिशासी अधिकारी से मांग की कि वन विभाग एवं संबंधित विभागों के समन्वय से विशेष अभियान चलाकर बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़वाया जाए तथा नगर पंचायत क्षेत्र को इस गंभीर समस्या से जल्द राहत दिलाई जाए।साथ ही भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न उत्पन्न हो,इसके लिए स्थायी कार्य योजना भी तैयार की जाए।ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होगा,जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में व्यापारी,बाजार प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे तथा सभी ने एक स्वर में बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई।वही इस मौके पर व्यापारी सुखदेव लोधी,रवि मिश्रा,बब्लू रावत,प्रधान,बब्लू गुप्ता,शिवकुमार गुप्ता,पप्पू लोधी,मटरू सहित अन्य व्यापारी, स्थानीय लोग मौजूद रहे|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *