04 जून 2026 “व्यवस्था परिवर्तन दिवस” पर बिजनौर से शुरू होगी ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम),
चन्द्रशेखर आज़ाद ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस क्या कुछ कहा,
मेरी सरकार होती तो मै एक रुपये में Mbbs डॉक्टर, इंजीनियर बनाते,
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य एडवोकेट श्री शानेन्द्र वर्मा जी औऱ प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ जी मौजूद रहे।
‘बहुजन हिताय-बहुजन सुखाय’ की संकल्पना को आगे बढ़ाते हुए भागीदारी, सामाजिक न्याय और संविधान बचाने के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम)
“बहुजन संकल्प, आज़ाद ही विकल्प” के जयघोष के साथ भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का बिगुल
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने घोषणा की है कि प्रत्येक वर्ष 04 जून को “व्यवस्था परिवर्तन दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। यह दिन सामाजिक न्याय, बहुजन एकता, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प का प्रतीक होगा।
इसी अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आज़ाद मिशन-2027 के तहत 04 जून 2026 से बिजनौर जनपद से “सत्ता परिवर्तन यात्रा” की शुरुआत करेंगे। यह यात्रा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेगी और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक सम्मान तथा संवैधानिक अधिकारों के प्रति जनजागरण का अभियान चलाएगी।
“बहुजन संकल्प, आज़ाद ही विकल्प” व “सत्ता परिवर्तन अबकी बार, बहुजन होगा हुक्मरान!” के संदेश के साथ निकाली जा रही यह यात्रा समाज के उन वर्गों की आवाज़ बनेगी जो वर्षों से बेरोज़गारी, अन्याय, भेदभाव, उपेक्षा और राजनीतिक हिस्सेदारी के अभाव का सामना कर रहे हैं।
पार्टी ने कहा कि 04 जून का दिन बहुजन समाज के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसी दिन आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने नगीना लोकसभा सीट पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर संसद में बहुजन समाज की सशक्त आवाज़ दर्ज कराई थी। यह जीत केवल एक सीट की जीत नहीं थी, बल्कि सामाजिक सम्मान, राजनीतिक हिस्सेदारी और व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई को नई ऊर्जा देने वाला जनादेश था। इसी ऐतिहासिक जनादेश की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 04 जून को “व्यवस्था परिवर्तन दिवस” मनाया जाएगा।
यात्रा की प्रमुख मांगें
1. बाबा साहेब अंबेडकर अस्थि स्थल को यथास्थिति बनाए रखा जाए
आज़ाद समाज पार्टी मांग करती है कि लोक भवन के सामने 10 विधानसभा मार्ग, लखनऊ स्थित बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा एवं अस्थि कलश स्थल को यथावत संरक्षित रखा जाए। यह स्थल करोड़ों बहुजन समाज की आस्था, सामाजिक न्याय और संवैधानिक चेतना का प्रतीक है।
हाल ही में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आज़ाद द्वारा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को पत्र लिखकर इस ऐतिहासिक स्थल को संरक्षित रखने की मांग की गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि इस स्थल को प्रभावित करने या हटाने का कोई प्रयास किया गया तो प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाया जाएगा।
2. पेपर लीक को जघन्य अपराध घोषित किया जाए
पार्टी की मांग है कि प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक को संगठित एवं जघन्य अपराध घोषित किया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि पेपर लीक लाखों युवाओं के भविष्य, मेहनत और सपनों की हत्या है। योगी सरकार के कार्यकाल में बार-बार भर्ती परीक्षाएं निरस्त हुई हैं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सत्ता परिवर्तन यात्रा के प्रमुख मुद्दे
1. कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी बच्चों को निशुल्क, समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा।
2. प्रदेश के सभी परिवारों को मुफ्त, सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवा की गारंटी।
3. अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के कर्मचारियों के लिए पदोन्नति (प्रमोशन) में आरक्षण की व्यवस्था।
4. उत्तर प्रदेश की अति पिछड़ी जातियों को वर्तमान आरक्षण व्यवस्था से अतिरिक्त 15 प्रतिशत आरक्षण।
5. पिछड़े वर्ग (OBC) समाज को लोकसभा एवं विधानसभा में राजनीतिक आरक्षण।
6. युवा बेरोजगारी और पेपर लीक संकट।
7. किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वाला आवारा पशु संकट।
8. पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली।
9. महंगाई और बढ़ती बिजली दरें।
10. सरकारी स्वास्थ्य एवं शिक्षा संस्थानों को मजबूत बनाया जाए।
11. दलित, पिछड़े, आदिवासी एवं अल्पसंख्यक समाज के साथ भेदभाव।
12. भ्रष्टाचार एवं भर्ती घोटाले।
13. महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसर।
14. पर्यावरण, प्रदूषण और जल संकट।
15. उत्तर प्रदेश में संपूर्ण शराबबंदी लागू की जाए।
इन प्रमुख मुद्दों के अतिरिक्त ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ के माध्यम से पार्टी अपने 33 संकल्पों को भी जनता के बीच लेकर जाएगी। पार्टी का संकल्प है कि सरकार बनने पर इन संकल्पों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
यह केवल आंकड़ों का सवाल नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता के जीवन से जुड़े गंभीर मुद्दों का प्रश्न है। सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान पार्टी गांव-गांव, कस्बे-कस्बे और शहर-शहर जाकर जनता का दर्द सुनेगी तथा सरकार से जवाब मांगेगी।
पार्टी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, मान्यवर कांशीराम तथा बहुजन आंदोलन के महापुरुषों की विरासत, स्मारकों और विचारधारा की रक्षा करना उसका नैतिक और राजनीतिक दायित्व है। इसी उद्देश्य से यात्रा सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों और बहुजन सम्मान के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
प्रमुख नारे
“बहुजन संकल्प, आज़ाद ही विकल्प!”
“नौकरी दो, या कुर्सी छोड़ो!”
“युवा मांगे रोजगार, नहीं चाहिए भ्रष्टाचार!”
“संविधान बचाओ, सामाजिक न्याय दिलाओ!”
“सत्ता परिवर्तन अबकी बार, बहुजन होगा हुक्मरान !”
सत्ता परिवर्तन यात्रा रैलियों, जनसभाओं, संवाद कार्यक्रमों और पदयात्राओं के माध्यम से पूरे उत्तर प्रदेश में संचालित की जाएगी।

