रोटरी क्लब लखनऊ अवध राजधानी द्वारा मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन

रोटरी क्लब लखनऊ अवध राजधानी द्वारा मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन

संवाददाता अमर

“रक्तदान- महादान किसी का जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है”

लखनऊ। रोटरी वर्ष 2026-27 का शुभारंभ सेवा कार्यों के साथ करते हुए रोटरी क्लब लखनऊ अवध राजधानी द्वारा आर्टेमिस केयर हॉस्पिटल, इंदिरा नगर, लखनऊ के सहयोग से एक मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना था। शिविर में रोटेरियन्स, उनके परिजनों एवं आम जनमानस ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 45 यूनिट रक्तदान किया। रोटरी वर्ष के प्रथम दिन आयोजित इस सेवा प्रकल्प को सभी ने अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी बताया।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन मणींद्र सक्सेना ने कहा कि रोटरी वर्ष की शुरुआत मेगा रक्तदान शिविर से करना क्लब की सेवा भावना एवं रोटरी के आदर्श “सेवा ही सर्वोपरि” (Service Above Self) को प्रदर्शित करता है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सुनील चतुर्वेदी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकती है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान अवश्य करना चाहिए।

आर्टेमिस केयर हॉस्पिटल के स्वामी रोटेरियन रणजीत सिंह ने रोटरी क्लब की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता जीवन रक्षक सिद्ध होती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

आर्टेमिस केयर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की तथा इस सेवा कार्य के लिए रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना की।

शिविर में प्रमुख रूप से पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सुनील चतुर्वेदी, रोटेरियन रणजीत सिंह, डॉ. राजेश कुमार सिंह, रोटेरियन विमल मेहरोत्रा, रोटेरियन मंजू मेहरोत्रा, रोटेरियन अचिंत्य सिंह, रोटेरियन श्रेया मित्तल, रोटेरियन शरद श्रीवास्तव, रोटेरियन गुरप्रीत सलूजा, रोटेरियन अजय टंडन, रोटेरियन शम्भू चांदानी एवं रोटेरियन मणींद्र सक्सेना सहित अनेक रोटेरियन्स उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु क्लब की कार्यकारिणी ने आर्टेमिस केयर हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया तथा सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *