उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अलीगंज पार्क का किया निरीक्षण, सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश

लखनऊ में नागरिक सुविधाओं और हरित वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने सोमवार को अलीगंज स्थित राजकीय शीतगृह परिसर उद्यान का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पार्क की साफ-सफाई, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क को इस तरह विकसित किया जाए जिससे नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिल सके।

उद्यान मंत्री ने विशेष रूप से वाकिंग ट्रैक के आसपास बेहतर लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम टहलने आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही ट्रैक के दोनों ओर रंग-बिरंगे फूलों की आकर्षक क्यारियां विकसित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पार्क की सुंदरता और बढ़ सके।

मंत्री ने पार्क में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक के किनारे आरामदायक बेंच लगाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पार्क सिर्फ हरियाली का केंद्र न होकर लोगों के आराम और स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर स्थान बनना चाहिए।

गर्मी के मौसम को देखते हुए पार्क के समय में बदलाव करने के भी निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि पार्क को सुबह 4 बजे से 9 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक खोला जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सुबह और शाम के समय इसका लाभ उठा सकें।

निरीक्षण के दौरान पार्क परिसर में वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए टीन शेड लगाने की बात भी कही गई। मंत्री ने कहा कि लोगों को धूप और बारिश से बचाव के लिए सुरक्षित पार्किंग सुविधा मिलनी चाहिए।

इसके अलावा पार्क में तीन सुंदर गज़ीबो बनाने के निर्देश भी दिए गए, जहां लोग बैठकर प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकें। मंत्री ने कहा कि इससे पार्क की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को आरामदायक स्थान भी मिलेगा।

उद्यान मंत्री ने ट्रैकिंग पार्क के किनारे शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के लिए वाटर कूलर लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी में पार्क आने वाले लोगों के लिए पेयजल की सुविधा बेहद जरूरी है।

मंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर और सुविधायुक्त हरित वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *