लखनऊ में ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के 7वें राज्य अधिवेशन का भव्य आगाज, बैंकिंग चुनौतियों और कर्मचारी हितों पर होगा मंथन

लखनऊ में ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के 7वें राज्य अधिवेशन का भव्य आगाज, बैंकिंग चुनौतियों और कर्मचारी हितों पर होगा मंथन

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) उत्तर प्रदेश स्टेट कमेटी के 7वें राज्य अधिवेशन का भव्य शुभारंभ हुआ। अधिवेशन में देशभर के बैंक अधिकारी नेताओं, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिनिधियों और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कामरेड वी.एस. गणेशन (उप महासचिव, AIBOA) तथा कामरेड विट्टल कोटेश्वर राव (उप महासचिव, AIBOA) का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विशिष्ट अतिथियों में कामरेड वी.के. सिंह (अध्यक्ष, UPTUC), वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेता कामरेड उदयनाथ सिंह, श्री बादर सिंह ताजुर (चेयरमैन, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक), श्री जी.के. अर्जकनी (महाप्रबंधक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया), श्री राजीव कुमार बराल (महाप्रबंधक, पंजाब एंड सिंध बैंक), कामरेड एस.के. सनलानी (अध्यक्ष, UPBEU) सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।

स्वागत भाषण में लखनऊ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्वतंत्रता संग्राम में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने बताया कि लक्ष्मणपुरी से लेकर नवाबों की राजधानी और आज के आधुनिक स्मार्ट सिटी तक लखनऊ ने अपनी तहज़ीब, गंगा-जमुनी संस्कृति और सामाजिक समरसता की परंपरा को कायम रखा है। बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा, रूमी दरवाजा, रेजीडेंसी और सिकंदर बाग जैसे ऐतिहासिक स्थलों का उल्लेख करते हुए शहर के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित किया गया।

अधिवेशन में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम, बेगम हजरत महल, वीरांगना ऊदा देवी, काकोरी कांड, भारत छोड़ो आंदोलन तथा प्रगतिशील लेखक संघ की स्थापना जैसे ऐतिहासिक प्रसंगों का भी स्मरण किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि लखनऊ ट्रेड यूनियन आंदोलन और बैंक कर्मचारी संगठनों का मजबूत केंद्र रहा है। कामरेड हरीश तिवारी, कामरेड वासुदेव पांडेय, कामरेड आर.पी. सिंह, कामरेड उमाचरण वाजपेयी, कामरेड शर्कश, कामरेड अनिल श्रीवास्तव, कामरेड वी.के. सिंह और कामरेड आर.के. छारी सहित अनेक नेताओं ने बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है।

अधिवेशन में बैंकिंग क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को मजबूत बनाने, बेहतर सेवा शर्तों तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। प्रतिनिधियों ने बैंकिंग क्षेत्र में एकजुटता और कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।

यह अधिवेशन बैंक अधिकारियों के लिए अनुभव साझा करने, भविष्य की रणनीति तय करने तथा बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *