योगी सरकार का बड़ा कदम, IBM के साथ साझेदारी से युवाओं को मिलेगा AI आधारित कौशल प्रशिक्षण और रोजगार


संवाददाता
-कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया मेगा जॉब मेला-2026 का शुभारंभ, UPSDM और IBM के बीच हुआ MoU
-युवा शक्ति को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
-किसी भी नौकरी को छोटा न समझें, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाएं- मंत्री कपिल देव अग्रवाल
लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार, कौशल और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के अभियान को नई गति देते हुए सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में IBM India CSR के सहयोग से मेगा जॉब मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) एवं IBM के मध्य समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान हुआ। इस साझेदारी के माध्यम से प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल स्किल्स, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रशिक्षण तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा, जिससे लाखों युवाओं को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप दक्ष बनाया जा सकेगा।
अपने संबोधन में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि युवा शक्ति को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज का युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों का है। ऐसे में युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित न रहकर नई तकनीकों, डिजिटल कौशल, प्रभावी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास पर भी समान रूप से ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीक के साथ स्वयं को निरंतर अपडेट करने वाले युवा ही भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करेंगे। किसी भी नौकरी को छोटा न समझें, पूरी लगन, अनुशासन और ईमानदारी से कार्य करें। जो व्यक्ति अपने कार्य से संस्थान की आवश्यकता बन जाता है, उसके लिए आगे बढ़ने के अवसर स्वयं बनते हैं।
मंत्री अग्रवाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाएं और कौशल प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर तेजी से आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं तथा सरकार युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए लगातार ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और उद्यमशीलता को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक युवा को उसकी योग्यता के अनुरूप प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराकर ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करना है।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कौशल विकास मिशन की विभिन्न पहलों की जानकारी दी। वहीं IBM इंडिया/दक्षिण एशिया की CSR लीड शिप्रा शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं तक अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और AI आधारित शिक्षा पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एमओयू के आदान-प्रदान के बाद सेरेमोनियल बेल रिंगिंग के माध्यम से रोजगार मेले का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर UPSDM के संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, IBM के प्रतिनिधिगण, विभिन्न कंपनियों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न पॉलिटेक्निक, आईटीआई, इंजीनियरिंग एवं डिग्री कॉलेजों के 2,000 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं Airtel Payments Bank, Nykaa, Tata Motors, Suzuki सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के विविध अवसर उपलब्ध कराए।
