श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) 22 जुलाई को आयोजित करेगा भव्य दीक्षांत समारोह

श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) 22 जुलाई को आयोजित करेगा भव्य दीक्षांत समारोह

7,519 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां

लखनऊ/बाराबंकी। श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) का भव्य दीक्षांत समारोह 22 जुलाई (बुधबार) को प्रातः 11:00 बजे से गोमती नगर, लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी हजरतगंज के एक भव्य होटल मे आयोजित प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इं.पंकज अग्रवाल एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने दी।
कुलाधिपति ई.पंकज अग्रवाल ने उपस्थित सभी पत्रकार बंधुओं का हार्दिक स्वागत करते हुए उन्होंने दीक्षांत समारोह की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय इस गरिमामय अवसर के सफल आयोजन के लिए पूर्णतः तैयार है। उन्होंने उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को अग्रिम शुभकामनाएँ एवं हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दीक्षांत समारोह की तैयारियों की जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने बताया कि इस गरिमामय समारोह में कुल 7,519 मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने आगे बताया कि 405 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 232 स्वर्ण पदक एवं 165 रजत पदक शामिल हैं। समारोह का प्रमुख आकर्षण कुलाधिपति पदक एवं प्रति-कुलाधिपति पदक होगा। चार शैक्षणिक सत्रों के लिए कुल 8 सर्वोच्च पदक प्रदान किए जाएंगे। यह विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि सभी कुलाधिपति एवं प्रति-कुलाधिपति पदक छात्राओं ने प्राप्त किए हैं, जो महिला शिक्षा, समान अवसर और सशक्तिकरण के प्रति विश्वविद्यालय की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने बताया कि दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) भूषण पटवर्धन, कुलाधिपति, डेक्कन कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), पुणे एवं राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अखिलेश मिश्रा, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के पूर्व महानिदेशक, आयरलैंड एवं मालदीव के पूर्व भारतीय राजदूत तथा टोरंटो के पूर्व महाबाणिज्यदूत उपस्थित रहेंगे।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन के साथ होगी। इसके पश्चात शैक्षणिक शोभायात्रा, दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् एवं विश्वविद्यालय कुलगीत की प्रस्तुति होगी। कुलाधिपति इं. पंकज अग्रवाल समारोह का शुभारंभ घोषित करेंगे। कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी स्वागत भाषण देंगे तथा विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद उपाधियों एवं पदकों का वितरण किया जाएगा। कुलाधिपति विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) भूषण पटवर्धन का दीक्षांत भाषण समारोह का मुख्य आकर्षण होगा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटोग्राफी, कुलसचिव प्रो. हेमेन्द्र शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ होगा। दीक्षांत समारोह में मंच संचालन परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अकांक्षा निगम द्वारा किया जायेगा।

कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2012 में स्थापित श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय ने मात्र 14 वर्षों में उत्तर प्रदेश के प्रमुख निजी विश्वविद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान बना ली है। वर्तमान में विश्वविद्यालय के 11 संस्थानों में 12,000 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि सक्षम, नैतिक, नवाचारी एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है, जो समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने कहा, “दीक्षांत समारोह केवल उपाधि वितरण का अवसर नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा विश्वविद्यालय की शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का उत्सव है। हमारा लक्ष्य ऐसे युवाओं को तैयार करना है जो ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों से सम्पन्न होकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकें।” दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावक तथा देशभर के विभिन्न संस्थानों से शिक्षाविद् उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *