Hot Posts

6/recent/ticker-posts

उत्तर प्रदेश के कारागारों का किया जा रहा आधुनिकीकरण




-एक जेल-एक उत्पाद’ योजना वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनामी के लक्ष्य को पाने में होगी सहायक 
-बंदियों के सुधार और कल्याण के लिए साक्षरता और कौशल विकास के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं
-कारागारों में रहने वाले बंदियों के लिए आई दया याचिका के प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए 

लखनऊ। 
प्रदेश के कारागारों में बन्दियों के सुधार व कल्याण के लिए साक्षरता एवं कौशल विकास के कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। मोबाइल फोन जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस इकाई, मेटल डिटेक्शन सिस्टम, वायरलेस सेट, पी0सी0ओ0, ई-प्रिजन, आर0ओ0 प्लाण्ट, पाकशाला का आधुनिकीकरण, सुपर वीडियो वॉल आदि से कारागारों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उक्त बातें प्रदेश के कारागार मंत्री श्री दारा सिंह चौहान ने बुधवार को ए0सी0एस0टी0आई0 लखनऊ के सभागार में सभी जनपदों के जेल अधीक्षकों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक में कही।

मंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ओर आगे बढ़ रहा है। ‘एक जेल-एक उत्पाद’ योजना का अनुपालन सभी कारागारों में सुनिश्चित किया जाए, जिससे कारागार विभाग प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने में सहायक बन सके। उन्होंने कहा कि कारागार विभाग की रिक्तियों को भरने के लिए समय से अधियाचन भेज दिया जाए। इसके साथ ही पदोन्नति की कार्यवाही समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कारागार मैनुअल के तहत प्रदत्त सुविधाएं बन्दियों को उपलब्ध करायी जाए। स्वच्छता अभियान के तहत कारागारों को साफ-सुथरा रखा जाए तथा कारागारों में उपयुक्त स्थानों में पौधे भी लगाएं जाएं। उन्होंने कारागारों को आदर्श कारागारों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। अनेक नवाचार कारागारों में शुरू करते हुए अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर जेलों को अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि कारागारों में रहने वाले बंदियों के लिए आयी दया याचिका के प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। कारागारों में मिलायी व्यवस्था को सरल एवं सुदृढ़ किया जाए। इसके साथ ही जेलों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए।

प्रदेश के कारागार राज्यमंत्री श्री सुरेश राही ने कहा कि कारागारों में चिकित्सा व्यवस्था और अच्छी रखी जाए, जिससे वहां रहने वाले बन्दियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या न हो। उन्होंने कहा कि कारागारों में रहने वाले बन्दियों की मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। बन्दियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान दिया जाए।

प्रमुख सचिव कारागार श्री राजेश सिंह ने बैठक में मंत्री जी को बताया कि कारागारों में हेल्थ एटीएम की स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही स्वच्छता के 
दृष्टिगत वाशिंग मशीन भी कारागारों में स्थापित की जा रही है। उन्होंने बताया कि नए कारागारों का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसमें महोबा, अमेठी, बरेली में कारागार के निर्माण का कार्य चल रहा है।

इस दौरान महानिदेशक पुलिस/महानिरीक्षक कारागार श्री पी0वी0 राम शास्त्री ने विभाग की रूपरेखा एवं गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में अपर महानिरीक्षक कारागार श्रीमती चित्रलेखा सिंह, उप महानिरीक्षक कारागार श्री आर0एन0 पाण्डेय एवं समस्त परिक्षेत्रीय उप महानिरीक्षक कारागार, वरिष्ठ अधीक्षक तथा अधीक्षक कारागार द्वारा प्रतिभाग किया गया।

Post a Comment

0 Comments